Monday, 7 March 2022

नहीं ,मैं नहीं दूंगा महिला दिवस की बधाई😊

नहीं, मैं नहीं करूंगा wish तुम्हें महिला दिवस 
नहीं दूंगा बधाईयां
क्या महज एक दिवस मनाने भर से चुका सकूंगा
तुम्हारे सारे अहसान-कर्जे ?
ये बोलना-चलना-मुस्कुराना-गुस्सा होना 
ये सलिके से रहना,बैठना, हँसकर कर सब सहना
सिखाया आपने ही तो है
डाँट कर ,समझा कर ,कभी प्यार से
कई तरहा से, कई रूपों में
माँ-बहन-पत्नी-दोस्त-बेटी
जीवन के हर पड़ाव पर
तुमने संभाला मुझे उन तमाम संघर्षो में
जब हौंसला हार ही चुका था 
जूझ रहा था एक कतरा रोशनी के लिये भी
और तब भी जब मिली कोई खुशी, छोटी या बड़ी
मन में लिये भावनाओं का समंदर
तुम्हारे हाथ सदा ही उठे रहे हैं
दुआओं के लिये, मेरी सलामती के लिये,
करती रही हो सदा ही सजदा मेरे लिये
तुम्ही बताओ फिर
क्या एक दिन काफी होगा 
इन सबके हिसाब के लिये
नहीं ना..........…...........?

Thursday, 17 February 2022

हाँ ! मैं शीशम की पत्ती होना चाहता हूँ

 हाँ ! मैं शीशम की पत्ती होना चाहता हूँ

 

इस छोटे से शहर के अंतिम छोर पर बैठा यूँही,

कहीं जाने की जल्दी भी तो नहीं,

शीशम के पेड़ से पत्तियां झर रही हैं सामने ही, यहाँ-वहाँ, यूँही, बेवजह सी ,

बिना किसी शोर के,बिना किसी को बताए,

पेड़ पर जब उगी होंगी ये हल्की सी लालिमा लिये,

फिर हरे रंग से सराबोर और आज गिर रहीं हैं सूख कर,

तुम्हें नहीं लगता दुनिया से रुखसत होने का सही तरीका भी यही है?

जब भी जाएं उम्र पाकर जाएं, जाने का शोर ना हो, पता भी ना चले किसी को,

मिल जाएँ मिट्टी में ऐसे ही, जैसे ये शीशम की पत्तियां |😊